मानवता के भविष्य की खोज
बिखरता ताना-बाना....
वो सुनहरे धागे, जो अब कहीं खो गए से लगते हैं...
किसी भी समाज का निर्माण ईंट और पत्थरों से नहीं, बल्कि इंसानी भावनाओं, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति समर्पण से होता है। एक समय था जब हमारे मानवीय समाज के ताने-बाने की बुनावट बेहद खूबसूरत और मजबूत हुआ करती थी। अगर हम कुछ दशक पीछे मुड़कर देखें, तो हमें एक ऐसा समाज नजर आता है, जिसकी नींव में आधुनिकता की चकाचौंध भले ही न हो, लेकिन मानवीय संवेदनाओं की गहराई अथाह थी।
कल का वो समाज,
जिसे हमने पीछे छोड़ दिया...
तब अधिकांश घरों में ताले नहीं होते थे, बल्कि लोगों के दिलों में एक-दूसरे की सुरक्षा के प्रति, कर्तव्य वाली सोंच की जगह हुआ करती थी। जीवन में आज जैसी भागदौड़ और 'गलाकाट प्रतियोगिता' नहीं थी। सफलता का पैमाना यह नहीं था कि आपने कितने लोगों को पीछे छोड़ा, बल्कि यह था कि आपने कितने लोगों को साथ लेकर चले।
और शिक्षा का अर्थ था, चरित्र निर्माण। बुजुर्गों को घर का बोझ नहीं, बल्कि उन्हें "परिवार की मजबूत जड़" वाली मान्यता प्राप्त थी, क्योंकि वो परिवार के वृक्ष को आंधी-तूफानों में भी थामे रखते थे। तब इंसान केवल अपने 'आज' के लिए नहीं जीता था, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए छांव और फल की चिंता करता था।
बदलाव की वह आंधी और दरकता ताना-बाना...
परंतु, फिर समय ने एक ऐसी करवट ली जिसने विकास के नाम पर इस खूबसूरत ताने-बाने के धागे उधेड़ना शुरू कर दिया। हम ऊंचाइयों की ओर तो बहुत तेजी से भागे, लेकिन इस उड़ान में हम अपनी ही 'नींव' को भूल गए। आज भौतिकतावाद की एक ऐसी अंधी दौड़ शुरू हो गई है, जिसमें इंसान ने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया है।
अब इस बात से कोई भी अनभिज्ञ नहीं है कि आज भीड़ तो बहुत है, लेकिन हर इंसान उस भीड़ में नितांत अकेला है। राजनैतिक,
धार्मिक और जातीय आधार पर बजने वाले अलग-अलग रागों ने समाज के प्रत्येक वर्ग को छोटे-छोटे स्वार्थी गुटों में बांट दिया है। और ये सब समझने के बावजूद भी हम एक नहीं हो पा रहे हैं।
यह लेख कोई निराशावादी विलाप नहीं है, बल्कि एक आईना है। यह उस खोए हुए विश्वास, इंसानियत और सामाजिक ढांचे को फिर से जीवित करने का एक प्रयास है, ताकि हम आने वाली पीढ़ियों को एक ऐसा भविष्य दे सकें, जिसमें वे केवल सांस न लें, बल्कि एक गरिमापूर्ण मानवीय जीवन जी सकें।
1:-- अंधी दौड़ और खोता हुआ विश्वास
“मनुष्य ने दौड़ना तो सीख लिया है, लेकिन शायद वह यह भूल गया है कि उसे जाना कहाँ है।” आज के समाज की विडंबना यह है कि हर कोई एक ऐसी दौड़ में शामिल है, जिसका न तो कोई निश्चित अंत है और न ही कोई सार्थक मंजिल।
गलाकाट प्रतियोगिता:
सफलता की कीमत पर इंसानियत का सौदा...
आज सफल वह नहीं है जो अपने साथ दस लोगों का उत्थान करे, बल्कि सफल वह माना जाता है जो सौ लोगों को कुचलकर सबसे ऊपर खड़ा हो जाए। यहाँ तक कि हमने अपने बच्चों को भी बचपन से ही 'सहयोग' की जगह 'प्रतिस्पर्धा' का पाठ पढ़ाना शुरू कर दिया है।
और उसका परिणाम यह हुआ कि, इस तथाकथित होड़ ने इंसान को इतना निर्मम बना दिया है कि वह अपने सहकर्मी या मित्र को भी केवल एक 'प्रतिद्वंद्वी' के रूप में देखने लगा है।
भीड़ में अकेलापन और अपनों से दूरी...
वैसे देखा जाए तो, तकनीकी रूप से हम दुनिया भर से जुड़े हुए हैं, लेकिन सच यह है कि भावनात्मक रूप से हम पहले से कहीं अधिक अकेले हैं। स्वार्थ और पैसे की अंधी चाह ने हमें अपनों से ही दूर कर दिया है। खून के रिश्ते भी अब लाभ-हानि के तराजू पर तौले जाने लगे हैं। जब घर के भीतर ही अविश्वास की दीमक लग जाए, तो बाहर के समाज से हम क्या उम्मीद कर सकते हैं ?
स्वार्थी साम्राज्य: 'हम' की मृत्यु और 'मैं' का उदय...
भारतीय समाज की मूल आत्मा हमेशा से 'हम' की भावना पर आधारित रही है। लेकिन आज का इंसान पूरी तरह से आत्म-केंद्रित हो गया है। 'हम' की जगह अब 'मैं' और 'मेरा फायदा' ने ले ली है।
कल के इंसान और आज के मानव रूपी "सामाजिक प्राणी" में प्रायः जमीन आसमान का बदलाव देखने को मिलता है, मसलन, सड़क पर तड़पते हुए किसी व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के बजाय, लोग अपने मोबाइल से उसका वीडियो बनाना ज्यादा जरूरी समझते हैं।
हम अब बेसुध हो चुके हैं और इसी वजह से, स्वार्थ ने हमारी आंखों पर ऐसा पर्दा डाल दिया है कि हम भूल गए हैं कि जब हम खुद गिरेंगे, तो यही समाज, जिसके हम अभिन्न अंग हैं, हमें उठाने के लिए कोई भी मौजूद नहीं होगा। आज समाज में हर इंसान अपने निहित स्वार्थ की वजह से अभिशप्त है, किंतु वह दूसरों को दोषारोपित करता है।
2:-- विकास की खोखली इमारत और शिक्षा के साथ अंधविश्वास
“हमने गगनचुंबी इमारतें तो बना लीं, लेकिन उनमें रहने वाले इंसानों का कद छोटा हो गया।” आज विकास का जो विशाल और चकाचौंध कर देने वाला ढांचा दिखाई देता है, उसकी नींव में नैतिकता और संवेदनाओं की कोई एक भी ईंट का नामोनिशान नहीं बचा है।
साक्षरता की बाढ़ लेकिन विवेक का सूखापन...
आज साक्षरता दर इतिहास में सबसे अधिक है, लेकिन साक्षर होने और शिक्षित होने के बीच का अंतर मिट गया है। आज की शिक्षा केवल सूचनाओं को रटने का टूल मात्र रह गई है। इस व्यवस्था ने हमें डिग्रियां तो दीं, लेकिन तार्किक सोच छीन ली।
अत्यंत निराश करने वाली तस्वीर आपके सामने है कि आज का तथाकथित 'शिक्षित समाज' बिना सोचे-समझे झूठी खबरों को बढ़चढ़ कर समाज में फैलाता है और उसके अल्पकालिक और दीर्घकालिक दुष्परिणाम के विषय में किंचित मात्र भी चिंतित नहीं होता है।
आजकल समाज में एक अन्य विकट स्थिति भी बेलगाम पैर पसार रही है, वो यह है कि बाल अवस्था से लेकर वृद्ध अवस्था तक का एक बड़ा हिस्सा, निश्चित सफलता के शॉर्टकट बेचने वाले स्वयंभू गुरुओं के बहुआयामी अंधविश्वासों की गिरफ्त में फँस गया है।
अनुपयोगी उत्पादकता:
हम क्या बना रहे और क्यों ?...
आज दुनिया में ऐसी चीजों का अंबार लगा हुआ है, जिनकी सच पूछिए तो मानव जीवन के उत्थान में कोई भूमिका नहीं है। लेकिन हम हर दिन आधुनिक विज्ञान के नाम पर नए गैजेट्स, कृत्रिम जरूरतें और ऐसे डिजिटल उत्पाद बना रहे हैं जो इंसान को गुलाम बना रहे हैं। हमारी उत्पादकता का एक बड़ा हिस्सा नशे, मिलावटी उत्पादों और दिखावे की चीजों के निर्माण में लग रहा है।
बिना नींव की ऊँचाई:
चरित्र का पतन...
निःसंदेह हमने भौतिक ढांचे को तो मजबूत कर लिया है, लेकिन एवज में हमारे चरित्र, सत्यनिष्ठा और सहानुभूति की नींव खोखली हो चुकी है। आज किसी भी क्षेत्र में लोगों का पूरा ध्यान सिर्फ इस बात पर है कि वे कितनी जल्दी शिखर पर पहुंचें, भले ही इसके लिए उन्हें अपनी नैतिकता की बलि देनी पड़े।
युवा मन और किशोरियां:
भटकी हुई
'समझ, साहस और सपनों की यात्रा'...
विकास की इस चकाचौंध का सबसे गहरा प्रहार हमारी युवा पीढ़ी और विशेषकर किशोरियों की मानसिकता पर हो रहा है। एक किशोरी, जिसके भीतर नए समाज को गढ़ने की असीम संभावनाएं होती हैं, आज अपनी पहचान और आत्म-सम्मान को 'लाइक्स' और डिजिटल दिखावे पर तौलने को मजबूर है।
बाजार उन्हें यह भ्रम देता है कि उनका असली मूल्य सिर्फ इस बात में है कि वे स्क्रीन पर कैसी दिखती हैं। इस अंधी दौड़ ने किशोरियों के भीतर के उस स्वाभाविक साहस को कुंद कर दिया है, जिसकी नींव पर वे जीवन की चुनौतियों का सामना कर सकती थीं।
3:-- खंडित समाज के अलग-अलग राग
“जब एक ही नाव में बैठे लोग अलग-अलग दिशाओं में चप्पू चलाने लगें, तो नाव का डूबना तय है।” एक आदर्श समाज एक ऑर्केस्ट्रा की तरह होता है, लेकिन आज हमारे सामाजिक ताने-बाने का यह संगीत पूरी तरह से बेसुरा हो चुका है।
राजनीति की बिसात:
नागरिकों से
'वोट बैंक'
बनने का सफर...
सत्ता की भूख ने राजनैतिक दलों को सिखा दिया है कि एकजुट समाज पर राज करना मुश्किल है, इसलिए उन्हें बांट दो। राजनैतिक ध्रुवीकरण ने समाज में ऐसा जहर घोल दिया है कि वैचारिक असहमति, आज व्यक्तिगत दुश्मनी में बदल चुकी है।
धर्म और जाति की दीवारें...
धर्म का उद्देश्य इंसान को इंसानियत से जोड़ना था, लेकिन आज यह एक ऐसा चश्मा बन गया है जिससे हम दूसरे इंसान की अच्छाई या बुराई तय करते हैं। दूसरी ओर, जातिवाद का जहर, जिसे आधुनिक शिक्षा के साथ खत्म हो जाना चाहिए था, आज भी हमारी जड़ों में गहरे तक बैठा है। बड़े-बड़े विश्वविद्यालयों से पढ़कर निकले लोग भी अपनी जाति के अहंकार से मुक्त नहीं हो पाए हैं।
आग में घी:
मीडिया और सोशल मीडिया का विध्वंसक रूप...
आज मीडिया 'टीआरपी' की अंधी दौड़ में शामिल है। खबरें सूचना नहीं देतीं, उत्तेजना पैदा करती हैं। सोशल मीडिया का 'एल्गोरिदम' हमें केवल वही दिखाता है जो गुस्सा और विवाद पैदा करता है। नफरत का बाजारीकरण हो चुका है।
असहिष्णुता और हिंसा का सामान्यीकरण...
जब समाज इतने टुकड़ों में बंटता है, तो वहां एक घुटन पैदा होती है, जो मानसिक और शारीरिक हिंसा के रूप में बाहर आती है। हमने हिंसा और अभद्रता को इतना सामान्य बना दिया है कि अब किसी के बहते हुए आंसू देखकर भी हमारी रूह नहीं कांपती। इन सबके बीच, मूक रूप से बढ़ती आर्थिक असमानता इस आक्रोश की आग में घी का काम कर रही है।
4:-- भटकाव का चक्रव्यूह, भौतिकतावाद और सिमटती संवेदनाएं
“जब इंसान अंदर से पूरी तरह खाली और भटका हुआ हो जाता है, तो वह उस भयानक खालीपन को बाहर की निर्जीव वस्तुओं और व्यर्थ के शोर से भरने की कोशिश करता है।”
ये उपरोक्त वाक्यांश मनोवैज्ञानिक सत्य है।
भटकाव का चक्रव्यूह:
सत्ता, स्वार्थ और 'मनोरंजन की अफीम'...
समाज का यह पतन अचानक नहीं हुआ है, यह एक सोची-समझी साजिश है। युवाओं को शिक्षा, रोजगार और जन-विरोधी नीतियों से ध्यान भटकाने के लिए 24 घंटे एक कृत्रिम शोर में व्यस्त रखा जा रहा है। अत्यधिक खेल प्रतियोगिताओं, सोशल मीडिया के निरर्थक विवादों और उत्सवों के राजनीतिकरण ने युवाओं को 'हिप्नोटाइज' कर दिया है।
नीतिगत व्यवस्था ने उन्हें 'नागरिक' से बदलकर सिर्फ एक 'समर्थक' और 'उपभोक्ता' बना दिया है, जिसके कारण स्वार्थी तत्व, युवा पीढ़ी की अपार शक्ति को अपने निहितार्थ साध लेते हैं। इससे सामाजिक ताने बाने पर सीधा असर पड़ता है
यदि इस तरह की व्यवस्था, सफलतापूर्वक स्थापित हो जाती है तो इससे समाज में टकराव और बिखराव पैदा होता है, तब किसी भी दिशा में सत्ता संचालन आसान हो जाता है। उन्हें अपने स्वार्थ को छोड़, राष्ट्र के इन नई पीढ़ी के निर्माताओं के भविष्य की कोई चिंता नहीं है।
रिश्तों का बाजारीकरण और भावनाओं पर
'प्राइस टैग'
इस भटकाव ने इंसान को भौतिकतावाद की ओर धकेल दिया है। और आज प्यार एवं सम्मान जताने का पैमाना पैसा हो गया है। जब रिश्ते केवल 'वस्तुओं' के लेन-देन पर टिक जाएं, तो उनमें से आत्मा निकल जाती है।
'रिटर्न गिफ्ट' की परंपरा: भावनाओं की गरिमा का पतन
भारतीय समाज में 'उपहार' निःस्वार्थ प्रेम का प्रतीक था। लेकिन आज 'रिटर्न गिफ्ट' की दिखावटी परंपरा ने इसे एक व्यावसायिक लेन-देन (Transaction) बना दिया है। जब आप स्नेह से दिए गए उपहार के बदले तुरंत 'रिटर्न गिफ्ट' थमा देते हैं, तो आप अनजाने में संदेश देते हैं कि "मैंने तुम्हारा कर्ज चुका दिया।" इसने आयोजनों की असली खुशी छीनकर उसे एक तनावपूर्ण इवेंट बना दिया है।
उधार की जिंदगी:
'दिखावे' के लिए कर्ज (EMI Culture) का जाल...
आज इंसान अपनी चादर देखकर पैर नहीं पसारता, बल्कि पड़ोसी की चादर देखकर कर्ज लेता है। क्रेडिट कार्ड और EMI के जाल ने समाज में अपनी झूठी शान को बनाए रखने का भयानक दबाव पैदा कर दिया है। हम इंसान कम और 'बैंक की किस्तें चुकाने वाली मशीन' अधिक बनकर रह गए हैं।
सिमटता समय और मृत संवेदनाएं....
हम अपनी आगामी पीढ़ी के भविष्यगत विषयों के बारे में अब बिल्कुल भी नहीं सोंचते हैं। और इसीलिए तत्काल संतुष्टि की चाह में प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन कर रहे हैं और अपने 'कल' का गला घोंट रहे हैं। भौतिक सुख-सुविधाओं की दौड़ में हमने अपना 'समय' और 'संवेदनाएं' खो दी हैं।
5:-- समाधान के लिए - नए सामाजिक ताने-बाने की नई बुनावट
“टूटे हुए धागों को फेंकने के बजाय, यदि संयम और प्रेम से उनमें गांठ लगाई जाए, तो समाज की चादर पहले से कहीं अधिक मजबूत हो सकती है।”
हम एक गहरी खाई के किनारे जरूर खड़े हैं, लेकिन गिरे नहीं हैं। यह समय उन धागों को फिर से बटोरने और एक नए ताने-बाने को बुनने का है, और उसके लिए अविलंब कुछ आवश्यक कदम बढ़ाने होंगे:---
1. 'मैं' की कैद से 'हम' की आज़ादी:-- हमें स्क्रीन के बजाय एक-दूसरे की आंखों में देखकर बात करने की आदत फिर से डालनी होगी। जो बुजुर्ग आज 'बोझ' समझे जा रहे हैं, वे इस टूटते समाज को बचाने वाले स्तंभ हैं। उनके साथ समय बिताना पहला कदम है।
2. किशोरियों और युवाओं का वैचारिक जागरण:--
किशोरियों को समझाना होगा कि उनका मूल्य सोशल मीडिया के 'लाइक्स' या बाज़ार के उत्पादों से नहीं, बल्कि उनकी वैचारिक आज़ादी से तय होता है। युवाओं में तार्किक क्षमता विकसित करनी होगी ताकि वे भ्रामक तंत्र का शिकार न हों।
3. दिखावे का बहिष्कार:--
'रिटर्न गिफ्ट' जैसी खोखली परंपराओं को उखाड़ फेंकना होगा। उपहारों के बहीखाते जलाने होंगे। "मेरी चादर कितनी है" यह समझ विकसित कर EMI के झूठे जाल से बाहर आना होगा।
4. भटकाव के चक्रव्यूह को तोड़ना:--
युवाओं को मनोरंजन और झूठे शोर के सम्मोहन से बाहर आकर व्यवस्था से सही सवाल पूछने का साहस जुटाना होगा। दिन का कुछ हिस्सा 'डिजिटल डिटॉक्स' के लिए होना चाहिए ताकि अंतरात्मा की आवाज सुनी जा सके।
5. व्यक्तिगत जिम्मेदारी:-- ध्यान देने वाली और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि समाज हम सबसे मिलकर बनता है। यदि हम अपने घर, अपने व्यवहार और अपने बच्चों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा लें, तो समाज की बुनावट में एक मजबूत धागा खुद-ब-खुद जुड़ जाएगा।
मानव समाज एक जीवित इकाई है। आज हमें गगनचुंबी इमारतों से ज्यादा गहरे चरित्र की आवश्यकता है। आइए, इस बिखरते ताने-बाने को अपने प्रेम, साहस और विवेक से फिर से बुनें। क्योंकि इंसानियत का भविष्य, अंततः इंसानों के ही हाथों में है....

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
“आपकी टिप्पणी हमारे लिए अमूल्य है – कृपया विचार साझा करें।”