वर्तमान आईना झूठ बोलता है
वर्तमान आईना झूठ बोलता है

यथार्थ, माया और परछाइयों के बीच एक दार्शनिक और व्यंग्यात्मक यात्रा
मित्रों, मनुष्य और आईने का रिश्ता सदियों पुराना है। एक समय था जब आईना केवल एक परावर्तक सतह हुआ करता था, चाहे वह शांत जल काके तालाब हो या कांसे और कांच का टुकड़ा। उसका एकमात्र धर्म था सत्य बोलना। सामने जो है, जैसा है, उसे उसी रूप में प्रस्तुत कर देना। तब आईना सीधा-सादा होता था।लेकिन आज ? आज का आईना चालाक, कूटनीतिक और एक शातिर मार्केटिंग एक्सपर्ट बन चुका है। अब वह सत्य नहीं दिखाता, बल्कि वह दिखाता है जो हम देखना चाहते हैं। थोड़ा फिल्टर, थोड़ी चमक, थोड़ी परछाईं की भीड़, और बस, सच्चाई पूरी तरह से गायब।
"वर्तमान आईना झूठ बोलता है" केवल एक वाक्य नहीं है, बल्कि यह हमारे पूरे आधुनिक युग का सबसे कठोर यथार्थ है।
सजग हुआ जब आज देख, आईने में जो प्रतिबिंब है...
परछाइयों की एक भीड़ है, सत्य कहीं पर लुप्त है....
ये पंक्तियां एक गहरी चुभन पैदा करती हैं। आज हम इसी आईने की चालाकी पर एक लंबी, तीखी, विचारशील और हँसते-हँसाते यात्रा करेंगे। इस व्यंग्य-यात्रा में हम देखेंगे कि कैसे हमारा पूरा सामाजिक ताना-बाना, मीडिया, राजनीति, विज्ञापन, सोशल मीडिया, हमारी परंपराएं और यहां तक कि हमारा अपना चेहरा भी एक-एक कर इस झूठे आईने का हिस्सा बन चुका है।
इस लेख के माध्यम से हम आधुनिक जीवन की उन खोखली परतों को उधेड़ेंगे, जिन्हें हमने आजकल 'सफलता' और 'प्रगति' का नाम दे रखा है, लेकिन दरअसल ये "आडंबरकाल" है।
1. आईने की आधुनिक ट्रेनिंग: मनोविज्ञान और आत्म-मुग्धता का खेल
कल्पना कीजिए, सुबह उठते ही आप आईने के सामने खड़े होते हैं। रात भर की थकान, चेहरे पर चिंता की लकीरें, बिखरे हुए बाल, यह आपका यथार्थ है। लेकिन आज का आईना (यानी आपके स्मार्टफोन का सेल्फी कैमरा और उसके ब्यूटी फिल्टर) आपसे कहता है, “अरे भाई, थोड़ा स्माइल करो, यह लो विंटेज फिल्टर, देखो कितने शानदार लग रहे हो!”आप हँसते हैं, एक तस्वीर क्लिक करते हैं, उसे इंस्टाग्राम या फेसबुक पर डालते हैं। कुछ ही मिनटों में कमेंट्स की बाढ़ आ जाती है, "लुकिंग गॉर्जियस!", "हॉट!", "फायर!", "क्या बात है बॉस!" आदि आदि...
परछाइयों की भीड़ यहीं से शुरू होती है। असली चेहरा एक है, जो थका हुआ और संघर्षरत है, लेकिन डिजिटल आईना उसके दर्जनों रूप के अवतार दुनिया के सामने पेश करता है। एक तस्वीर में आप ऑफिस के एक 'प्रोफेशनल' हैं, दूसरी में 'पार्टी एनिमल', तीसरी में किसी पहाड़ की चोटी पर खड़े 'दार्शनिक'।
सत्य इन सबके बीच कहीं खुद को खो हो चुका है। शब्दों में रस बहुत है, 'लाइक', 'शेयर', 'कमेंट', 'फॉलोअर', ये शब्द कितने मीठे हैं, लेकिन इनके पीछे का खालीपन उतना ही गहरा और डरावना है।
आज का आईना सिर्फ शारीरिक रूप को नहीं बदल रहा है, बल्कि वह हमारे मनोविज्ञान को भी विकृत कर रहा है। वह हमें बताता है कि हम "सफल" हैं, जबकि इस बनावटीपन से हमारी आत्मा भीतर ही भीतर चीख रही होती है।
एक सामान्य इंसान 9 से 6 की नौकरी की चक्की में पिसता है, ईएमआई (EMI) के बोझ तले दबता है, लेकिन लिंक्डइन (LinkedIn) पर उसकी पोस्ट चीख-चीख कर कह रही होती है, "Grinding hard, manifesting success, Thrilled to announce..." आईना इस छद्म सफलता पर ताली बजाता है और हम उस तालियों की गूँज में अपनी असली सिसकियों को अनसुना कर देते हैं।
2. किशोरियों और युवाओं का भ्रमित संसार: बदलते कदमों की दिशा
इस झूठे आईने का सबसे बड़ा और सबसे क्रूर प्रभाव हमारी युवा पीढ़ी, विशेषकर किशोरियों पर पड़ रहा है। किशोरावस्था, एक ऐसा समय होता है जब व्यक्तित्व आकार ले रहा होता है। यह उनकी समझ, साहस और सपनों की यात्रा का सबसे नाजुक पड़ाव होता है। लेकिन आज का डिजिटल आईना उनके इस सफर की दिशा ही बदल रहा है।पहले एक किशोरी अपने आदर्शो को, किसी वीरांगना, लेखिका या वैज्ञानिक में खोजती थी। लेकिन आज उसका आईना उसे बताता है कि उसका 'मूल्य' उसकी 'कमर के साइज', 'त्वचा के रंग' और 'सोशल मीडिया पर मिलने वाले अटेंशन' से तय होता है।
हर रोज वह सैकड़ों ऐसी तस्वीरें देखती है जो फोटोशॉप और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) द्वारा गढ़ी गई हैं। वह उसी में अपने लिए एक मापदण्ड निर्धारित कर, खुद को उस असंभव सांचे में ढालने की कोशिश करती है। और यह प्रयास अपने आपको किसी अंधे कुएं में ढकेलने के समान हो जाता है।
परिणामस्वरूप, अवसाद, ईटिंग डिसऑर्डर और आत्मसम्मान की कमी अवश्यंभावी हो जाती है। आईना उन्हें इस बात का एहसास कराता है कि वे तब तक सुंदर नहीं हैं, जब तक कि वे अमुक ब्रांड का प्रोडक्ट न लगा लें या कोई विशेष सेलिब्रिटी टाईप लिबास न पहन लें आदि आदि...।
उनके सपनों की यात्रा अब आत्म-ज्ञान या आत्म-बोध की ओर नहीं, बल्कि खुद 'इन्फ्लुएंसर' बनने की अंधी दौड़ की ओर मुड़ गई है। परछाइयों की इस भीड़ में उस युवा मन का असली सत्य, उसकी वास्तविक प्रतिभा कहीं लुप्त हो गई है। हम एक ऐसी पीढ़ी तैयार होते देख रहे हैं, जो बाहर से परफेक्ट दिखती है, लेकिन भीतर से अपनी ही पहचान के संकट से जूझ रही है।
3. राजनीति का 'महा आईना': सजे हुए सच और नग्न झूठ
अब आइए राजनीति की ओर रुख करते हैं। यहां आईना सबसे बड़ा और सबसे शातिर जादूगर है। चुनाव आते ही हर नेता का चेहरा एक अजीब सी ईश्वरीय चमक दमक से भर उठता है। टेलीविजन के पर्दे (जो आज के दौर का सबसे प्रभावशाली आईना हैं) पर भाषण गूंजते है, "मैं गरीबों का मसीहा हूँ!", "मैं भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ दूंगा!"लेकिन ग्राउंड जीरो पर, यथार्थ की खुरदरी जमीन पर कहानी वही पुरानी, सड़ी-गली होती है। परछाइयों की भीड़ यहां सबसे ज्यादा घनी है। एक नेता के पीछे सैकड़ों छायाएँ चलती हैं, पीआर (PR) एजेंसियां, इवेंट मैनेजर, इमेज कंसल्टेंट, सोशल मीडिया की ट्रोल आर्मी और तथाकथित सत्ता की ताकत से जुड़ी हुई मीडिया संस्थान।
सत्ता के खेल में छल-कपट का खेल बहुत भारी है। एक दिन कोई नेता मंच से छाती ठोक कर कहता है कि वह फलां घोटालेबाज को जेल भेजेगा, और दूसरे ही दिन उसी घोटालेबाज को अपनी पार्टी में शामिल कर उसे बेहद ईमानदार और पवित्र घोषित कर देता है।
और आईना तुरंत एक नया फिल्टर लगा देता है। न्यूज़ चैनल चीखने लगते हैं, "यह तो मास्टरस्ट्रोक है!", "यह राजनीतिक कूटनीति है!" पर जनता सब समझती है, अपने आप पर हँसती भी है, और अपने ठगे जाने पर रोती भी है, लेकिन अंततः अगली बार फिर से, उसी आईने के सम्मोहन में आकर फिर से उसी को वोट दे देती है।
क्योंकि सबसे बड़ा सवाल ये है कि असली सत्य देखने की हिम्मत और फुरसत अब किसमें बची है ? आज कल विज्ञापन और सत्ता का यह गठजोड़ इतना मजबूत हो चुका है कि सच्चाई की पहचान करना बड़े बड़े राजनैतिक समझ रखने वाले भी धोखे के शिकार हो जाते हैं। नेताओं की चाल को समझना उतना ही मुश्किल है जितना भूसे के ढेर में सूई ढूँढना।
4. बाज़ारवाद और विज्ञापनों का मायाजाल: भावनाओं की मंडी
विज्ञापन इस झूठे आईने का सबसे वफादार शिष्य है। विज्ञापन हमें वह नहीं बेचता जो हमें चाहिए, वह हमें वह बेचता है जो आईना हमें बताता है कि हमारे पास क्या नहीं है। और इस तरह विज्ञापन एवं आईना दोनों मिलकर जो कृत्रिम आवश्यकता हमारे जीवन में पैदा करते हैं, हम उन्हीं अनावश्यक महंगी वस्तुओं या सुविधाओं को खरीद लेते हैं।पेशेवर विज्ञापन निर्माताओं द्वारा आम जन मानस के मनोविज्ञान को ध्यान में रखते हुए, बहुत ही अकादमिक आधार पर क्षेत्र, भाषा, आर्थिक स्तर आदि तथ्यों को दृष्टिगत रखते हुए विज्ञापन तैयार किए जाते हैं, जैसे "यह क्रीम लगाओ, गोरे हो जाओ, तभी सफलता मिलेगी!","यह गाड़ी खरीदो, समाज में तुम्हारा रुतबा बढ़ जाएगा!","यह जीवन बीमा लो, वरना तुम्हारे मरने के बाद तुम्हारा परिवार सड़क पर आ जाएगा!"
हर विज्ञापन में एक 'परफेक्ट' दुनिया रची जाती है। एक ऐसा परिवार जहां पति ग्रीक के भगवान जैसा दिखता है, पत्नी किसी अप्सरा सी सुंदर है, बच्चे नोबेल पुरस्कार जीतने वाले जीनियस हैं और घर किसी सात सितारा रिसॉर्ट जैसा है।
लेकिन असलियत क्या है ? ज्यादातर परिवारों में पति-पत्नी ईएमआई और महंगाई को लेकर लड़ रहे हैं, बच्चे मोबाइल स्क्रीन के एडिक्ट हो चुके हैं और घर एक तनाव का केंद्र बन गया है। लेकिन आईना कहता है, "यह खरीदो, और खुश हो जाओ!", सबसे बड़ी बात, बाज़ारवाद ने हमारी भावनाओं तक का भी व्यवसायीकरण कर दिया है।
परंपराओं का पतन और दिखावे का बोझ
इसका सबसे सटीक उदाहरण हमारी बदलती हुई परंपराएं हैं। आज किसी को उपहार देना सम्मान या स्नेह का प्रतीक नहीं रह गया है, बल्कि यह हैसियत दिखाने का एक जरिया बन गया है। शादियों या पार्टियों में 'रिटर्न गिफ्ट' की नई परंपरा को ही देख लीजिए। अब यह भावनाओं का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि एक सामाजिक दबाव बन चुका है।
किसने कितना महंगा रिटर्न गिफ्ट दिया, इसी से उसकी सामाजिक गरिमा या ये कह लें कि कीमत तय हो रही है। भावनाओं की गरिमा को इस दिखावे के आईने ने पूरी तरह से कुचल दिया है। प्यार, आशीर्वाद और शुभकामनाएं अब गिफ्ट पेपर की चमक और ब्रांड के टैग से तौली जा रही हैं।
चेहरे पर हँसी है, लेकिन मन अंदर से टूटे हुए हैं। हम उस 'स्माइलिंग इमोजी' का दिन में सौ बार इस्तेमाल करते हैं, जबकि अंदर से हम किसी से बात करने के लिए तरस रहे होते हैं। एक युवक रात को दो बजे तक रील देखता है, "30 दिन में करोड़पति कैसे बनें" और सुबह उठकर उसी 15 हजार की नौकरी पर जाने के लिए धक्के खाता है।
जबकि आईना उसे लगातार यह भ्रम बेच रहा है कि वह खास है, लेकिन सिस्टम उसे एक आम इंसानी मशीन की तरह इस्तेमाल कर रहा है।
5. सामाजिक ताना-बाना और रिश्तों का टूटता हुआ आईना
ईमानदारी से देखें तो हमें आसानी से समझ आ जाएगा कि हमारा सामाजिक ताना-बाना (Social Fabric) आज पूरी तरह से उलझ चुका है। सोशल मीडिया (फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स) ने मिलकर एक 'सुपर आईना' बना लिया है। यह एक ऐसा मंच है जहां हर कोई अपने जीवन का खुद ट्रेलर दिखा रहा है, और ट्रेलर हमेशा पूरी फिल्म से ज्यादा शानदार होता है।शादी के आईने में तो सबसे बड़ा और क्रूर मजाक चल रहा है। 'प्री-वेडिंग शूट' में ड्रोन से ली गई तस्वीरें, महंगे लहंगे, परफेक्ट स्माइल। सोशल मीडिया पर लिखा जाता है, "My better half", "My soulmate"। लेकिन वास्तविकता में....घर के बंद दरवाजों के पीछे रोज वैचारिक लड़ाइयां हो रही हैं। सहनशीलता शून्य हो चुकी है। रिश्तों की गहराई की जगह सोशल मीडिया के 'कपल गोल्स' (Couple Goals) ने ले ली है।
और तो और एक बानगी, जो आज के दौर में शायद आपको अजीब सी न लगे कि डेटिंग ऐप्स ने प्यार को एक सुपरमार्केट बना दिया है। स्वाइप लेफ्ट, स्वाइप राइट। हर प्रोफाइल में सबसे अच्छी तस्वीरें, सबसे मजाकिया बायो। वास्तविकता से कोसों दूर...
लेकिन जब दो लोग असल जिंदगी में मिलते हैं, तो पता चलता है कि दोनों ने ही , अपनी अपनी आँखों में पट्टी बांध रखी थी, आईने पर धूल डाल रखी थी। एक ने पांच साल पुरानी तस्वीर लगा रखी थी, तो दूसरे ने अपनी खूबियों का झूठा पुलिंदा बांध रखा था।
वृद्धों की उपेक्षा का कड़वा सच
इस झूठे आईने का सबसे स्याह पहलू हमारे घर के बुजुर्गों के साथ हो रहा है। सोशल मीडिया पर 'मदर्स डे' या 'फादर्स डे' पर लंबी-लंबी भावुक पोस्ट लिखी जाती हैं। पुरानी तस्वीरें शेयर कर दुनिया को बताया जाता है कि हम अपने माता-पिता से कितना प्यार करते हैं। यह आईने का वह रूप है जो दुनिया देखती है।
लेकिन यथार्थ का आईना कुछ और ही दिखाता है। उसी घर में वे बुजुर्ग अकेलेपन का शिकार हैं। उनके पास बैठने, उनकी बातें सुनने का समय किसी के पास नहीं है। समाज में 'ओल्ड एज होम' (वृद्धाश्रम) के विज्ञापन अब आधुनिक सुविधाओं के साथ इस तरह पेश किए जाते हैं मानो वह कोई लग्जरी रिजॉर्ट हो। इसका क्या मतलब है...?
आईना कहता है, "वे वहां हमारे बिना ज्यादा खुश रहेंगे।" असल में हम अपने स्वार्थ और व्यस्तता की धूल में उन्हें अपनी जिंदगी से झाड़ देना चाहते हैं। हम संवेदनाओं के मामले में मौन हो चुके हैं, बस डिजिटल रूप से मुखर होने का दिखावा कर रहे हैं।
6. शिक्षा, आजीविका और सफलता का भ्रामक पैमाना
स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों का आईना भी लगातार झूठ उगल रहा है। दरअसल शिक्षा का मूल उद्देश्य इंसान को बेहतर बनाना, उसमें सोचने-समझने की शक्ति विकसित करना था। लेकिन आज का आईना बच्चों को केवल 'रैंक' और 'पैकेज' की मशीन के रूप में दिखाता है।बड़े-बड़े कोचिंग सेंटरों के होर्डिंग्स (जो सफलता के बड़े-बड़े आईने हैं) पर चमकते हुए बच्चों के चेहरे दिखाई देते हैं। वे दावा करते हैं कि हर बच्चा डॉक्टर या इंजीनियर बनेगा। सच्चाई यह है कि सफलता दर 1% से भी कम है।
बाकी 99% बच्चे अवसाद, निराशा और कभी-कभी अपने जीवन के साथ कायराना निर्णय ले लेने के लिए विवश कर दिए जाते हैं, अंधेरे कुएं वाले भविष्य में धकेल दिए जाते हैं। लेकिन आईना अगले साल फिर नए चेहरों के साथ चमक उठता है, "अगली बार जरूर सफलता!"
नौकरी के बाजार में, इंटरव्यू के दौरान हर उम्मीदवार अपना 'रिज्यूमे' (Resume) इतना चमकाता है कि उसका असली मानवीय रूप ही गायब हो जाता है। "I am a passionate, dedicated, and highly motivated team player..." जबकि अंदर से वह केवल एक ऐसी नौकरी चाहता है जो उसके घर का खर्च चला सके और उसे सुकून की नींद दे सके।
कंपनियों का एचआर (HR) विभाग भी एक बहुत बड़ा झूठा आईना है। वे कहते हैं, "We are not just a company, we are a family!" (हम सिर्फ एक कंपनी नहीं, एक परिवार हैं)। लेकिन ज्यों ही मंदी आती है या छंटनी का दौर शुरू होता है, यह 'परिवार' एक झटके में आपको बाहर का रास्ता दिखा देता है। तब पता चलता है कि वह आईना केवल कॉर्पोरेट मुनाफे की परछाईं था।
7. आईना खुद दुविधा में: डिजिटल युग की संवेदनहीनता
किसी कवि ने क्या खूब कहा है,आईना अब चुप खड़ा है, खुद ही दुविधा में पड़ा है।
हमें जो दिखा रहा है, वह माया से भरा पड़ा है।
आज का पूरा सिस्टम, यह डिजिटल एल्गोरिदम, यह मीडिया, यह बाज़ार, सब जानते हैं कि वे झूठ बोल रहे हैं। लेकिन उनकी मजबूरी है। अगर वे सच्चाई दिखाएंगे, तो कौन उनके प्रोडक्ट खरीदेगा ? कौन उनकी वेबसाइट पर क्लिक करेगा ? कौन उनके एजेंडे को फॉलो करेगा ? इसलिए वे चुप रहते हैं।
रही बात संवेदनशीलता की, तो आज संवेदनहीनता अपने चरम पर है। रास्ते में कोई सड़क दुर्घटना होती है, तो लोग मदद करने के बजाय अपने मोबाइल का आईना (कैमरा) निकालकर वीडियो बनाने लगते हैं। कोई ट्रेन एक्सीडेंट होता है, तो हम अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर "RIP" लिखकर अपने कर्तव्य की इतिश्री समझ लेते हैं, और अगले ही सेकंड किसी कॉमेडी रील पर हँसने लगते हैं।
जब कोई गरीब बच्चा भूख से तड़पता दिखता है, तब हम "Sad" इमोजी भेजते हैं, और फिर थोड़ी देर बाद ही जोमैटो (Zomato) से अपना महँगा लंच ऑर्डर कर लेते हैं। आईना हमें यह भ्रम देता है कि हम बहुत 'सोशल' (सामाजिक) और 'जागरूक' हैं, जबकि हकीकत में हम इतिहास के सबसे ज्यादा असामाजिक और आत्म-केंद्रित जीव बन कर अपने आप को धोखा दे रहे हैं।
8. दोष किसका ? आईने का या हमारी दृष्टि का ?
इस पूरी व्यंग्यात्मक और विचारशील यात्रा के अंत में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यही उठता है, क्या यह आईना दोषी है ? या हमारी दृष्टि ही खोटी हो चुकी है ?अगर हम दार्शनिक रूप से सोचें, तो आईना तो एक निर्जीव वस्तु है (चाहे वह कांच हो या डिजिटल तकनीक)। समस्या हममें है। हमने ही उसे झूठ बोलने के लिए मजबूर किया है। मनुष्य आज अपने यथार्थ से डरता है।
हम अपनी असफलताओं को देखना नहीं चाहते, अपनी कमियों को स्वीकार नहीं करना चाहते। हमें अपने साधारण होने से डर लगता है। हमने 'परफेक्शन' (पूर्णता) का एक ऐसा झूठा पैमाना बना लिया है जिसे पार करना किसी भी इंसान के लिए संभव नहीं है।
इसलिए हम आईने से कहते हैं, "हमें हमारा असली रूप मत दिखाओ। हमें वह दिखाओ जो हमें दुनिया को दिखाना है।" हम झूठ की इस चादर को इसलिए ओढ़े हुए हैं क्योंकि इसके बिना हमें समाज में नंगे हो जाने का डर सताता है।
9. समाधान की दिशा : खुद ही तोड़ो झूठ की छवि...
एक कवि का अंतिम संदेश बहुत गहरा और आशा से भरा है...सत्य से नाता जोड़ो, झूठ की छवि को खुद ही तोड़ो...
खुद ही तोड़ो...खुद ही तोड़ो... खुद ही तोड़ो...
यह बदलाव कोई सरकार, कोई नया ऐप या कोई चमत्कारिक शक्ति लेकर नहीं आएगी। यह बदलाव हमें खुद ही लाना होगा। हमें इस झूठे आईने को पत्थर मारकर नहीं, बल्कि सत्य की शक्ति से तोड़ना होगा।
रोज सुबह उठकर आईने के सामने खड़े होकर हमें खुद से कुछ कड़वे और असली सवाल पूछने होंगे:
- "क्या मेरी हँसी आज असली है, या बस एक दिखावा ?"
- "मैं किस झूठ को पाल रहा हूँ, जिसे मैं सच मानना चाहता हूँ ?"
- "क्या मैं अपने रिश्तों में ईमानदार हूँ ?"
डिजिटल नशा और वास्तविकता से जुड़ाव :
सोशल मीडिया पर बिताया जाने वाला समय कम कीजिए। अपनी जिंदगी को वैलिडेट (Validate) करने के लिए 'लाइक्स' और 'कमेंट्स' का इंतजार करना बंद कीजिए। स्क्रीन पर दिखने वाले 'वर्चुअल' लोगों के बजाय, अपने आस-पास के असली लोगों, अपने माता-पिता, अपने पड़ोसियों, अपने मित्रों से सीधा संवाद कीजिए।
विज्ञापनों और बाज़ारवाद पर हँसना सीखें :
अपनी जरूरतों को पहचानिए। जब भी कोई विज्ञापन आपको यह महसूस कराए कि आपके पास कुछ कमी है, तो उस पर हँसिए। यह समझिए कि खुशी किसी मॉल के शेल्फ पर या किसी महंगे 'रिटर्न गिफ्ट' में नहीं मिलती। वह आपके भीतर के संतोष में है।
राजनीतिक और सामाजिक अंधभक्ति का त्याग :
किसी भी विचारधारा, नेता या समाचार चैनल के आईने पर आँख मूँदकर विश्वास मत कीजिए। प्रश्न पूछने की आदत डालिए। अपने विवेक का आईना साफ रखिए ताकि कोई और आपको अपनी परछाइयों की भीड़ में गुम न कर सके।
अपूर्णता का जश्न :
खुद से और दुनिया से ईमानदार रहिए। यह स्वीकार कीजिए कि आप परफेक्ट नहीं हैं। आपकी त्वचा पर दाग हो सकते हैं, आप जीवन में कई बार असफल हो सकते हैं, आपके रिश्ते में अनबन हो सकती है और यह सब बिल्कुल सामान्य है। अपनी कमियों को गले लगाइए, तभी आप आईने के सामने सीना तान कर खड़े हो सकेंगे।
संवेदनाओं की वापसी :
अपने छोटे-छोटे सत्य को जीना शुरू कीजिए। यदि किसी की मदद करनी है, तो बिना कैमरा ऑन किए कीजिए। अगर घर में बुजुर्ग हैं, तो सोशल मीडिया पर उनके लिए पोस्ट लिखने के बजाय, उनके पास बैठकर उनके अतीत की कहानियाँ सुनिए। किशोरियों और युवाओं को यह सिखाइए कि उनका असली मूल्य उनके विचारों, उनके साहस और उनके चरित्र में है, न कि किसी डिजिटल प्लेटफॉर्म की आभासी दुनिया में।
अंत में निष्कर्ष
"वर्तमान आईना झूठ बोलता है",यह वाक्य आधुनिक समाज के गाल पर एक करारा तमाचा है। यह हमें झकझोरता है और नींद से जगाता है। यह आईना इसलिए झूठ बोल रहा है क्योंकि हमने उसे सत्य बोलने की इजाजत देना बंद कर दिया है।
जिस दिन हम सत्य से अपना नाता फिर से जोड़ लेंगे, अपने यथार्थ को उसी रूप में स्वीकार करने लगेंगे जैसा वह है, उसी दिन यह आईना फिर से ईमानदार बन जाएगा। तब परछाइयों की वह कृत्रिम भीड़ छँट जाएगी। सत्य जो आज लुप्त है, वह फिर से प्रकट होगा।
तब हमारे चेहरे की हँसी केवल होंठों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हमारी आँखों और हमारी आत्मा तक पहुँचेगी। शब्दों के अर्थ पूरे होंगे, और हमारा यह सामाजिक ताना-बाना, जो आज माया और दिखावे के बोझ से चरमरा रहा है, एक दिन फिर से सच्चाई और प्रेम का साक्षी बनेगा।
उठिए, और खुद ही तोड़िए... इस झूठ की छवि को! यथार्थ की ओर लौट आइए, क्योंकि सत्य भले ही कठोर हो, पर वह कभी किसी को छलता नहीं है।
लेखक - मनोज कुमार भट्ट, कानपर
-------------------------------------------------------
ब्लॉग वेबसाइट: www.samajiktanabana.in
ईमेल: manojbhatt@samajiktanabana.in
"सामाजिक ताना-बाना" हम और आप ही हैं। मेरे इन विचारों पर आपकी क्या राय है ? कृपया अपनी प्रतिक्रिया ज़रूर साझा करें। यदि यह लेख आपको सार्थक लगा हो, तो इसे अपनों के साथ साझा करना न भूलें। मेरे इस हिंदी ब्लॉग "सामाजिक ताना-बाना" में प्रकाशित अन्य लेख पढ़ने हेतु के लिए धन्यवाद। 🙏
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
“आपकी टिप्पणी हमारे लिए अमूल्य है – कृपया विचार साझा करें।”