एक वर्ष का सफर: 'सामाजिक ताना-बाना', मेरे संघर्ष और आपका स्नेह
एक वर्ष का सफर: 'सामाजिक ताना-बाना', तकनीकी उलझनें और आपका साथ....
प्रिय पाठकों, नमस्कार!
आज का दिन मेरे लिए बहुत ही खास और भावुक कर देने वाला है। ठीक एक वर्ष पहले, आज ही की तारीख में मैंने 'सामाजिक ताना-बाना' ब्लॉग की शुरुआत की थी। जब मैंने इस यात्रा का पहला कदम उठाया था, तो मेरे पास केवल शब्द थे और समाज के यथार्थ को उकेरने की एक प्रबल इच्छा।
एक लेखक के लिए पन्नों पर भावनाएं उकेरना शायद आसान होता है, लेकिन एक डिजिटल प्लेटफॉर्म को स्थापित करना मेरे लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। मुझे आज भी याद है कि कैसे मैंने बिना किसी बाहरी तकनीकी सहायता के, अकेले ही इस ब्लॉग की रूपरेखा तैयार की।
इसके लेआउट को संवारने से लेकर 'पब्लिश' बटन दबाने तक की उलझनें, थीम सेट करने की जद्दोजहद और कई रातों की तकनीकी माथापच्ची, ये सब मेरे लिए बिल्कुल नया था। कई बार झल्लाहट भी हुई, लेकिन मेरे भीतर मौजूद समाज के विभिन्न पहलुओं पर बात करने की तड़प मुझे रुकने नहीं दे रही थी।
इस एक साल के सफर में, हमने और आपने मिलकर हमारे समाज के कई अनछुए और संवेदनशील पहलुओं पर गहरा संवाद किया है। चाहे बात....
- 'बदलते कदमों की दिशा : किशोरियों की समझ, साहस और सपनों की यात्रा' के माध्यम से हमारी नई पीढ़ी की उड़ान और उनके संघर्षों को समझने की रही हो, या फिर
- 'रिटर्न गिफ्ट की परंपरा बनाम भावनाओं की गरिमा' और...
- 'इमरजेंसी नंबर' जैसे लेखों के जरिये अपनी बदलती सांस्कृतिक संवेदनाओं का आकलन करने की...
यह ब्लॉग 'सामाजिक ताना-बाना' अब सिर्फ एक डिजिटल डायरी नहीं है, बल्कि यह उन विचारों का एक सशक्त संग्रह बन चुका है जो निरंतर एक अधिक विस्तृत और स्थायी रूप लेने की दिशा में अग्रसर है।
तकनीकी रूप से मेरा यह ब्लॉग शायद बहुत परफेक्ट न हो, लेकिन इसमें लिखे गए हर शब्द में मेरी पूरी ईमानदारी और समाज के प्रति मेरी गहरी चिंता शामिल है। पिछले एक साल में आपके द्वारा दिए गए हर सुझाव, टिप्पणी और प्रोत्साहन के लिए मैं हृदय से आपका आभारी हूँ।
आपका यह साथ ही मेरे उन संघर्षों का सबसे खूबसूरत इनाम है, जो मैंने अकेले इस मंच को तकनीकी रूप से खड़ा करने में किए।
इस अवसर पर, मैं आपसे जानना चाहूंगा कि पिछले एक साल में आपको कौन सा लेख सबसे अधिक प्रासंगिक लगा ? और आने वाले समय में आप किन सामाजिक विषयों पर चर्चा करना चाहेंगे ? आपके सुझाव मेरे लिए हमेशा की तरह मार्गदर्शक रहेंगे।
मेरे इस सफर का अहम हिस्सा बनने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद!
आपका अपना,
मनोज कुमार भट्ट, कानपुर
"सामाजिक ताना-बाना"
------------------------------------------------------
ब्लॉग
वेबसाइट: www.samajiktanabana.in
ईमेल: manojbhatt@samajiktanabana.in
"सामाजिक ताना-बाना" हम और आप ही हैं। मेरे इन विचारों पर आपकी क्या राय है ? कृपया अपनी प्रतिक्रिया ज़रूर साझा करें। यदि यह लेख आपको सार्थक लगा हो, तो इसे अपनों के साथ साझा करना न भूलें। धन्यवाद। 🙏

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
“आपकी टिप्पणी हमारे लिए अमूल्य है – कृपया विचार साझा करें।”