शोर बनाम शांति... प्रभाव एवं समाधान
शोर और शांति का प्रभाव शिक्षा, समाज और आने वाली पीढ़ी के लिए एक घोषणापत्र सभ्यता का इतिहास हमें बार-बार याद दिलाता है कि शांति केवल अनुपस्थिति नहीं, बल्कि जीवन की धुरी है। प्राचीन भारत में ऋषि-मुनि वनों में, गुफाओं में या नदी किनारे ध्यान लगाते थे। यह मात्र धार्मिक साधना नहीं थी; यह समाज को नैतिक दिशा, ज्ञान और संतुलन प्रदान करने का माध्यम थी। उपनिषदों में शांति को 'शांति: शांति: शांति:' के रूप में तीन बार पुकारा गया है, बाहरी, आंतरिक और दिव्य शांति की कामना। भगवद्गीता में श्रीकृष्ण कहते हैं, “जो व्यक्ति इच्छाओं की निरंतर धारा से विचलित नहीं होता, जो सागर की भाँति स्थिर रहता है, वही शांति प्राप्त करता है।” बौद्ध परंपरा में बुद्ध ने मौन को ज्ञान का द्वार बताया। जैन धर्म में मौन व्रत आत्म-शुद्धि का साधन है। विश्व स्तर पर भी, थॉर्यू ने वॉल्डेन में शांति की महिमा गाई, जबकि आधुनिक मनोविज्ञान शांति को मानसिक स्वास्थ्य की आधारशिला मानता है। लेकिन आज हम विपरीत युग में जी रहे हैं। शोर हमारी ज़िंदगी का अभिन्न अंग बन चुका है, सड़कों पर हॉर्न की बौछार, मोबाइल नोटिफिकेशन्स की लगातार घंटिय...