नए ताने-बाने की बुनावट

            नए ताने-बाने की बुनावट

पारंपरिक भारतीय परिवार शहर और गाँव के बीच बैठकर रंगीन धागों से एक बड़ी चटाई बुन रहे हैं, जो एकता और सामाजिक जुड़ाव का प्रतीक है।



“टूटे हुए धागों को फेंकने के बजाय, यदि संयम और प्रेम से उनमें गांठ लगा कर जोड़ा जाए, तो समाज की चादर पहले से कहीं अधिक मजबूत हो सकती है।”

आज का समाज एक पुरानी चादर की तरह लगता है, जिसमें कई जगह से धागे उधड़ गए हैं, टूट गए हैं। कुछ धागे रंग बिरंगे दिखते हैं, लेकिन असल में वे कमजोर हो चुके हैं ठीक उसी तरह से जैसे अंधाधुंध भागती दुनिया में हमने अपने रिश्तों को, मूल्यों को और एक-दूसरे के प्रति लगाव को अनदेखा कर दिया है। 

शहरों की चमक-दमक, सोशल मीडिया की रोशनी और उपभोग की संस्कृति ने हमें इतना व्यस्त कर दिया है कि हम भूल गए हैं कि असली ताकत इंसानी रिश्तों में छिपी है। हम सब एक गहरी खाई के किनारे खड़े हैं, जहां नीचे अंधेरा है, अलगाव है, टूटन है और नैतिक पतन है।

लेकिन अच्छी खबर यह है कि हम अभी गहरी अंधेरी और खाई में गिरे नहीं हैं। हम अभी भी वापस लौट सकते हैं, एक बार फिर से टूटे धागों को समेट सकते हैं और संयम, प्रेम, विवेक तथा साहस से एक नया, मजबूत ताना-बाना बुन सकते हैं, क्योंकि ये खूबियां भारतीय समाज में है।

यह नया ताना-बाना बुनने की बात, सिर्फ एक दिवास्वप्न नहीं है। यह संभव है। भारतीय समाज सदियों से विविधता और एकता का प्रतीक रहा है। परिवार, गांव, समुदाय और त्योहारों की परंपरा ने हमें हमेशा जोड़े रखा। लेकिन आधुनिकता की लहर ने हमारे समाज की कई पुरानी मजबूत ताने बाने को ढीला कर दिया है। 

वर्तमान युवा पीढ़ी स्क्रीन के सामने खो गई है, समाज में बुजुर्ग अकेलेपन से जूझ रहे हैं, रिश्ते दिखावे के बोझ तले दब गए हैं और व्यक्तिगत जिम्मेदारी का भाव कम हो गया है। फिर भी, उम्मीद की किरण बाकी है। क्योंकि हमारा समाज कोई मशीन नहीं है जो एक बार टूट जाए तो हमेशा के लिए बेकार हो जाए। 

भारतीय समाज एक जीवंत इकाई है और यह यहीं के इंसानों के दिलों से बनता है, उनके छोटे-छोटे व्यवहारों से यह फलता फूलता है, पलता है। इसलिए पूरे विश्वास के साथ कहा जा सकता है कि उनके सामूहिक विवेक से ही पुनः हमारा सामाजिक ताना-बाना,एक नई बनावट के साथ मजबूती और सुंदरता के साथ आगामी पीढ़ी को विरासत में मिलेगा।

आइए, इस लेख में हम विस्तार से समझें। प्रत्येक पहलू को गहराई से छूते हुए, उदाहरणों, वास्तविक जीवन की घटनाओं और व्यावहारिक समाधानों के साथ देखेंगे कि कैसे हम अपने सामाजिक बिखराव को रोक सकते हैं। यह कोई सैद्धांतिक और साहित्यिक व्याख्यान नहीं, बल्कि एक हृदय से निकला आह्वान है, और यह हर उस इंसान के लिए है जो बदलाव चाहता है।

1.  रिश्तों की वापसी

आज का सबसे बड़ा संकट व्यक्तिवाद है। हर व्यक्ति अपने 'मैं' के छोटे से घेरे में कैद हो गया है। अपनी करियर, अपनी तस्वीरें, अपनी सफलता और अपनी खुशी। सोशल मीडिया ने इस कैद को और गहरा कर दिया है। हम हजारों फॉलोअर्स से जुड़े रहते हैं, लेकिन असली दोस्ती और परिवार के लिए समय नहीं निकाल पाते।

नतीजा ? बढ़ता अकेलापन और डिप्रेशन। इसका सबसे प्रमुख कारण, रिश्तों के बीच आपसी संवाद में कमी, जिससे हर जगह मनभेद, मतभेद और दरार देखने को मिलती है। इस कैद से मुक्ति का सबसे सरल और प्रभावी रास्ता है, आमने-सामने की बातचीत को फिर से जीवित करना। स्क्रीन के बजाय एक-दूसरे की आंखों में देखकर बात करना। यह छोटा सा बदलाव जीवन को पूरी तरह बदल सकता है।

हमारे समाज में जब परिवार नाम की व्यवस्था की शुरुआत हुई थी तभी से बुजुर्गों को परिवार के साथ साथ समाज में भी सम्मान का एक अधिकृत पद प्राप्त था। किंतु पिछले दो दशकों से वैश्विक अर्थशास्त्र की गणित ने परिवारों को एक जुनून भरी अंधी दौड़ में शामिल कर दिया, जिससे पूरा समाज असमंजस के अंधेरे में फंस गया है। इसमें सबसे अधिक दुर्गति बुजुर्गों की हो गई।

पूर्व में बुजुर्गों की भूमिका हमारे परिवार और समाज में सबसे महत्वपूर्ण रही है। लेकिन आज उन्हें अक्सर 'बोझ' समझा जाता है। अत्यधिक व्यस्त युवा पीढ़ी उन्हें ओल्ड एज होम भेज देती है या घर के एक कोने में अकेला छोड़ देती है। जबकि सच्चाई यह है कि बुजुर्ग समाज के जीवित खजाने हैं। उन्होंने जीवन की हर ऊंच-नीच देखी है। 

उनकी कहानियां,उनकी बातें सिर्फ उनकी यादें नहीं, बल्कि जीवन का सार हैं। एक दादी जो अपनी बचपन की कहानी सुनाती है, वह बच्चे को सिर्फ मनोरंजन नहीं देती, बल्कि धैर्य, साहस और जड़ों से जुड़ाव सिखाती है। एक नाना जो अपनी जवानी के संघर्ष की बात करते हैं, वे युवा को सिखाते हैं कि असली सफलता रातों रात नहीं मिलती बल्कि वह मेहनत, ईमानदारी और संयम से आती है।

कल्पना कीजिए एक सामान्य भारतीय परिवार की। शाम का समय। सभी लोग मोबाइल छोड़कर एक साथ बैठे हैं। चाय की चुस्की के साथ कहानियां और पुराने सिलसिले चल रहे हैं। बच्चे हंस रहे हैं, युवा अपनी समस्याएं साझा कर रहे हैं और बुजुर्ग उन्हें मार्गदर्शन दे रहे हैं। इस एक घंटे में जो बंधन बनते हैं, वे सोशल मीडिया के वर्षों से ज्यादा मजबूत होते हैं।

व्यावहारिक कदम क्या हो सकते हैं ?
  • हर सप्ताह परिवार के साथ कम से कम दो बार का भोजन साथ में करें।
  • बुजुर्गों के लिए घर पर या सोसायटी स्तर पर 'कहानी सत्र' आयोजित करें।
  • स्कूलों में 'दादा-दादी दिवस' मनाएं जहां बच्चे बुजुर्गों से सीखें।
  • पड़ोस में छोटी-छोटी मदद का सिलसिला शुरू करें, बीमार पड़ोसियों की थोड़ी सी देखभाल, अपने व्यक्तिगत जीवन में अकल्पनीय आनंद का भाव देती है। 
  • अपने घर के बच्चों की पढ़ाई में मदद तो करें ही, साथ ही किसी भी जरूरतमंद बच्चे को पढ़ाने में सहयोग करें।
जब हम उपरोक्त प्रकार के उपाय अपनाएंगे और जब  हम सब, 'मैं' से 'हम' की ओर बढ़ेंगे, तो समाज की चादर में नया, मजबूत धागा जुड़ेगा। यह धागा प्रेम की भावना के साथ से बुना जाएगा, इसलिए यह आसानी से नहीं टूटेगा। अलगाव की खाई पाटने का यही सबसे पहला और सबसे जरूरी कदम है।

2. किशोरियों और युवाओं का वैचारिक जागरण

किशोरावस्था और युवावस्था मानव समाज की सबसे संवेदनशील अवस्था है। इस उम्र में जो बीज बोए जाते हैं, वे जीवन भर फलते हैं। लेकिन आज का माहौल इन बीजों को सही दिशा देने के बजाय भटका रहा है। सोशल मीडिया, बाज़ार और भ्रामक सूचना तंत्र युवाओं को लगातार यह बताते हैं कि उनका सामाजिक मूल्य सोशल मीडिया में लाइक, फैशन फॉलोअर्स और दिखावे में है।

पहली बात तो किशोरियों के लिए यह संकट और गहरा है। वे सुंदर दिखने के चक्कर में अपनी सेहत, पढ़ाई और आत्मसम्मान खो रही हैं। बाज़ार उन्हें लगातार नए-नए उत्पाद बेच रहा है, “यह लगाओ तो परफेक्ट लगोगी”। लेकिन नतीजा क्या ? बढ़ती चिंता, आत्मविश्वास में कमी और गलत प्राथमिकताओं का चयन, ये सब किशोरियों को भ्रम के जंजाल से निकलने नहीं दे रहा है।

वैचारिक जागरण-- इसका समाधान है, किशोरियों को समझाना होगा कि समाज में उनका असली मूल्य उनकी सोच, साहस, स्वतंत्रता और योगदान में है। वे सिर्फ उपभोक्ता नहीं हैं, बल्कि समाज की भविष्य निर्माता हैं। उन्हें सवाल पूछने की, गलत को चुनौती देने की और अपनी राह खुद चुनने की आजादी देनी होगी।

दूसरे, युवाओं के लिए तार्किक क्षमता का विकास जरूरी है। आज कल अधिकांश युवा, फेक न्यूज, भावनात्मक उत्तेजना और ट्रेंडिंग टॉपिक्स का आसानी से शिकार हो जाते हैं। उन्हें इतिहास, विज्ञान, दर्शनशास्त्र और वर्तमान मुद्दों की गहरी समझ होनी चाहिए। सिर्फ डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं। उन्हें सोचने की क्षमता विकसित करनी ही होगी।

कुछ व्यावहारिक उपाय हैं, जिसे परिवारों द्वारा, शिक्षण संस्थाओं द्वारा और नीति निर्माताओं द्वारा अपनाने होंगे, जिससे नए ताने बाने की बुनावट में सुधार अवश्य देखने को मिलेगा...
  • स्कूल-कॉलेज में सोशल मीडिया से संबंधित साक्षरता के कोर्स अनिवार्य करें।
  • विभिन्न विषयों की किताबे पढ़ने की आदत डालें, हर सप्ताह कम से कम एक किताब।
  • परिवार में आपसी विचार विमर्श का माहौल बनाएं, “आज क्या सीखा ? उससे क्या समझ में आया ?” आदि आदि।
  • उचित संरक्षण के साथ युवा क्लब बनाएं, जहां वे सोशल मुद्दों पर चर्चा कर सकते हो।
  • सफल व्यक्तियों की असली कहानियां साझा करें, जो दिखावे के बजाय मेहनत पर आधारित हैं।
जब युवा वैचारिक रूप से जागृत होंगे, तो वे न सिर्फ खुद को बचाएंगे बल्कि पूरे समाज को नई दिशा देंगे। वे नई पीढ़ी के मजबूत स्तंभ बनेंगे।

3. दिखावे का बहिष्कार: सादगी की वापसी

दिखावे की संस्कृति ने हमारे रिश्तों को बोझ बना दिया है। जन्मदिन पर महंगे उपहार, रिटर्न गिफ्ट, त्योहारों एवं शादी समारोह में अनावश्यक खर्च, हर चीज का हिसाब-किताब चल रहा है। “मैंने दिया, अब तुझे देना चाहिए” की मानसिकता रिश्तों को खोखला कर रही है।

“मेरी चादर कितनी है”, की सोच ने युवाओं को EMI की वित्तीय सुविधाओं के जाल में फंसा कर कर्ज के बोझ तले दबा दिया है। महंगी गाड़ी, बड़ा घर, लेटेस्ट गैजेट, वो भी सब दिखाने के लिए, लेकिन अंदर से उनमें खालीपन बढ़ रहा है।

सादगी अपनाना -- इसका समाधान है, "सादा जीवन , उच्च विचार"। उपहार दिल से दें, न कि दिखाने के लिए। उपहार के लिए हाथ की बनी चीजें, समय, ध्यान और साझा यादें सबसे कीमती उपहार हैं। त्योहारों को सादगी से मनाएं। शादियों समेत सभी तरह के जलसों को भव्यता के बजाय सादगी के साथ संपन्न कराने पर जोर दिया जाना चाहिए।

व्यावहारिक बदलाव -- यदि प्रारंभिक चरण में कुछ उपाय व्यवहार में अपनाए जाएं तो निश्चित ही समाज में सकारात्मक परिणाम सामने आने लगेंगे।

  • परिवार में 'नो गिफ्ट' नीति अपनाएं।
  • जरूरत की चीजें ही खरीदें, चाहत की नहीं।
  • बच्चों को बचपन से सादगी सिखाएं।
  • समुदाय स्तर पर सादा उत्सव आयोजित करें।
सादगी अपनाने से पैसा बचेगा, तनाव कम होगा और रिश्ते मजबूत होंगे।

4. भटकाव के चक्रव्यूह को तोड़ना: डिजिटल संतुलन

जब नए ताने बाने की बुनावट की बात होती है तो स्वाभाविक है कि इसमें सभी की सामूहिक भूमिका होती है। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण भूमिका युवा वर्ग की है, किंतु युवा वर्ग को डिजिटल मनोरंजन, शोर और विविध प्रकार के भटकाव के चक्रव्यूह ने अपने मोहपाश में जकड़ रखा है। रील्स, गेमिंग, लगातार नोटिफिकेशन से उनका ध्यान बंट रहा है, गहराई खत्म हो रही है।

युवा पीढ़ी को इस मोहपाश के बंधन से मुक्त करने के लिए समाधान भी हैं। इसके लिए वे डिजिटल डिटॉक्स से बचने के लिए रोजाना कुछ घंटे फोन दूर रखकर किताब पढ़ें, व्यायाम करें, प्रकृति में घूमें। ध्यान रहे कि अंतरात्मा की आवाज तभी सुनाई देती है जब बाहर का शोर थमता है।

युवाओं को सही सवाल पूछने का साहस दें। ताकि नकारात्मक व्यवस्था की आलोचना कर सके, लेकिन रचनात्मक तरीके से।  साथ ही समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा सुधार में सक्रिय हों।

5. व्यक्तिगत जिम्मेदारी: घर से शुरूआत

सब जानते हैं कि समाज हम सबके छोटे-छोटे योगदानों से बनता है। इसलिए हर व्यक्ति नए सिरे से सामाजिक ताने बाने को मजबूती देने के लिए अपने घर से इसकी शुरुआत करें। बच्चों को मूल्य सिखाए, अपने पड़ोस की मदद करे।

इन सबके लिए माता-पिता की भूमिका भी बड़ी है। अपने बच्चों को समाज के प्रति उत्तरदायी, ईमानदारी, मेहनत करना और सबका सम्मान करना सिखाएं, तभी चतुर्दिक दिशाओं से सुधार वाले परिणाम सामने आने लगेंगे।

शिक्षा, अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यावरण

शिक्षा, अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यावरण का सही मायने में अर्थ समझना होगा, जैसे शिक्षा सिर्फ नौकरी के लिए नहीं, चरित्र निर्माण के लिए हो। इसलिए नैतिक शिक्षा, व्यावहारिक ज्ञान और रचनात्मकता को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

इसी तरह अर्थव्यवस्था में स्थानीय उत्पाद, सस्टेनेबल विकास के साथ ही साथ सादगी को प्राथमिकता दें।
अपनी संस्कृति को जीवित रखें, जैसे लोकगीत, कहानियां, त्योहार और परंपराएं।

पर्यावरण बचाना भी हमारी जिम्मेदारी है। प्रदूषण से बचने के उपाय अपनाए, अधिक से अधिक पेड़ लगाएं, और प्लास्टिक से निर्मित वस्तुओं के विकल्पों पर काम करें, जिससे हम सब प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करें 

अंत में निष्कर्ष ये है कि मानव समाज एक जीवित इकाई है। हमें गगनचुंबी इमारतों से ज्यादा ऊंचे चरित्र की जरूरत है। आइए, प्रेम, साहस और विवेक से इस बिखरते ताने-बाने को फिर से बुनें। हर छोटा कदम, एक बातचीत, एक किताब, एक मदद सबसे महत्वपूर्ण मायने रखता है।

इंसानियत का भविष्य इंसानों के ही हाथों में है। इसलिए आज से ही शुरू करें। यकीन मानिए हम सब का नया ताना-बाना से बुना गया समाज आने वाले वक्त में मजबूत, रंगीन और गर्मजोशी भरा होगा। हमारी यह चादर न सिर्फ हमें ढकेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षा, प्रेरणा और उम्मीद देगी।

लेखक, मनोज कुमार भट्ट, कानपुर 
--------------------------------------------------------
ब्लॉग वेबसाइट: www.samajiktanabana.in 
"सामाजिक ताना-बाना" हम और आप ही हैं। मेरे इन विचारों पर आपकी क्या राय है ? कृपया अपनी प्रतिक्रिया ज़रूर साझा करें। यदि यह लेख आपको सार्थक लगा हो, तो इसे अपनों के साथ साझा करना न भूलें। धन्यवाद। 🙏

टिप्पणियाँ